Friday, February 15, 2013

चुपके-चुपके रात दिन चार्जर लगाना याद है


चुपके-चुपके रात दिन चार्जर लगाना याद है
हमको दिन भर बैटरी चलने का ज़माना याद है

तुझसे मिलते ही वो कुछ बेबाक हो जाना मेरा
और बिना सिम कार्ड कटाए फ़ोन चलाना याद है

हमको दिन भर बैटरी चलने का ज़माना याद है

चोरी चोरी हम जो करते थे तुम्ही पर कब कहाँ
मुद्दतें गुजरीं पर टेक्सटों का ज़माना याद है

हमको दिन भर बैटरी चलने का ज़माना याद है

दोपहर की धुप में एक टेक्स्ट पढने के लिए
वो बिना तकलीफ के डिस्प्ले पर पढना याद है

हमको दिन भर बैटरी चलने का ज़माना याद है

खींच लेना वो मेरा मोबाइल का कवर दफ्फतन
और बैटरी खींच के रीस्टार्ट कराना याद है

हमको दिन भर बैटरी चलने का ज़माना याद है

चुपके-चुपके रात दिन चार्जर लगाना याद है
हमको दिन भर बैटरी चलने का ज़माना याद है

Thursday, January 31, 2013

काहे को फैबलेट बनाई ...



सेलफोन बनाने वाले
क्या तेरे मन में समाई
काहे को फैबलेट  बनाई
तूने काहे को फैबलेट  बनाई

काहे बनाये तूने
भैंस जैसे डिस्प्ले
दैत्यों के हाथों लायक
प्लास्टिक के टुकड़े

काहे पकाया तूने फ़ोन-टेबलेट का हलवा
और उसपर दिखाया फिर से स्टाइलस का जलवा

छुप कर पैसे बटोरे
वाह रे तेरी चतुराई

काहे को फैबलेट  बनाई
तूने काहे को फैबलेट  बनाई

हर ग्राहक  तडपा होगा
इसका बड़ा दाम अदा कर 
और इसके बाद जबरन
अपनी  जेब में घुसाकर

न काटे टेबलेट का और न फ़ोन का पत्ता 
टेक्नोलॉजी के घाटों का यह धोबी का कुत्ता

जब भी इसको चेहरे पर रखें
सब सोचें दाँतों में पीड़ा लहराई

काहे को फैबलेट  बनाई
तूने काहे को फैबलेट  बनाई

Wednesday, January 30, 2013

अनजान कालर का नाम बताएगी यह एप्लीकेशन

अकसर ऐसा होता है कि आपके मोबाइल फोन पर एक अनजान नंबर से मैसेज या कॉल आती है। काॅल करने वाला आपको खुद का नाम नहीं बताता है और अपनी बात कह कर फोन रख देता है। अब आप दिन भर इस बात को सोचते रहते हैं कि आखिर यह नंबर किसका था? जो खुद की पहचान नहीं बता रहा है। लेकिन अब आप किसी भी अनजान कॉलर का नाम जान सकतें हैं।  अगर आपके पास एक स्मार्ट फ़ोन है तो अनजान कॉल करने वाले कॉलर का नाम जान सकते हैं। गूगल प्ले, एप्पल एप्स स्टोर, एप्स वर्ल्ड  और विंडोज  पर ट्रूकॉलर(true caller)-ग्लोबल डिक्शनरी नाम से एक ऐसी एप्लिकेशन मौजूद है जिसके द्वारा आप कॉल करने वाले का नाम, आॅपरेटर का नाम, सर्किल आदि की जानकारी तुरंत मिल सकती है। इस एप्लिकेशन के द्वारा आप स्पैम नंबर को ब्लाॅक भी कर सकते हैं, साथ ही, सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर भी एक्टिव रह सकते हैं जबकि आप दोस्त से फोन पर बात कर रहे होंगे। अगर आपके मोबाइल पर किसी अनजान नंबर से कॉल आती है तो इसका जवाब देने से पहले ही आप कॉलर का नाम जान सकते हैं। इसके लिए मोबाइल फोन में 3जी या वाई-फाई कनेक्शन होना जरूरी है। इस एप्लिकेशन को आप फ्री डाउनलोड कर सकते हैं। खूबी की बात करें तो एप्लिकेशन बहुत अच्छा काम करती है अधिकतर सही नाम इस एप के द्वारा पता कर सकते हैं। लेकिन 2जी नेटवर्क के साथ थोड़ी सी देरी लगती है।

Friday, January 18, 2013

मंदिर पथ (Temple Run) - पद्य समीक्षा



वृक्ष हों भले खड़े 
पीछे तेरे बन्दर पड़े 
एक क्षण रुकने की भी 
सोच मत सोच मत सोच मत 
 
मंदिर पथ मंदिर पथ मंदिर पथ 
 
तू न रुकेगा कभी 
तू न थकेगा कभी 
गर हाथ बंदरों के आया कभी 
तो कर देंगे  तेरी मरम्मत मरम्मत मरम्मत 
 
मंदिर पथ मंदिर पथ मंदिर पथ 
 
मुड़ जा जब रास्ता मुड़े 
उठा ले पथ में पैसे पड़े 
भाग, कूद झूल जब ज़रुरत पड़े 
वरना आ जायेगी तेरी शामत, तेरी शामत तेरी शामत 
 
मंदिर पथ मंदिर पथ मंदिर पथ  
 
यह महान दृश्य है 
भाग रहा मनुष्य है 
बंदरों से दर कर 
फटाफट फटाफट फटाफट 
 
मंदिर पथ मंदिर पथ मंदिर पथ 
 

Tuesday, December 11, 2012

छू लिया आकाश

 
आशा करतें हैं जिन लोगों ने इसकी प्री बुकिंग करा रखी है, उनके हाथों में भी जल्द आकाश हो।  हमारे हाथ में, बहरहाल ये आ गयी है, और देखिये इसके डब्बे के अन्दर आखिर क्या है।


Wednesday, November 28, 2012

ग़ज़ल-ए-आकाश...अर्ज़ किया है

हंगामा है क्यों बरपा टैबलेट ही तो एक दी है
आईपैड तो नहीं भेजा, किन्डल भी नहीं दी है 
हंगामा है क्यों बरपा टैबलेट ही तो एक दी है

कीमत है नहीं ज़्यादा, सब्सिडी की ये बातें हैं
इस दाम को वो क्या जाने, गैलेक्सी जिसने ही ली है
हंगामा है क्यों बरपा टैबलेट ही तो एक दी है

उस टैब से नहीं मतलब, स्टोर में जो बिकती है
मतलब है उस टैबलेट से, सरकार जो थमाती है
हंगामा है क्यों बरपा टैबलेट ही तो एक दी है

हर वेबसाईट टपकता है, आलोचना-ए-आकाश से
हर लेखक यही कहता है, आकाश हमें नहीं मिलती है
हंगामा है क्यों बरपा टैबलेट ही तो एक दी है

आकाश के नाम का ये, भारत का एक करिश्मा है
चीनी है इंटीरियर, पर इंडियन ही तो दर्ज़ी है
हंगामा है क्यों बरपा टैबलेट ही तो एक दी है

Wednesday, November 21, 2012

मोबाइल टच किए बिना भेजें मैसेज

माना लीजिए आप एक दिन अपना मोबाइल फोन घर पर ही भूल जाते हैं और ऑफिस निकल जाते हैं, तो क्या करेंगे? अगर आपके पास एंडराॅयड फोन है तो आपको मोबाइल के लिए वापस घर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।  एंडराॅयड यूजर्स के लिए गूगल प्ले पर एक ऐसी शानदार एप्लिकेशन भी मौजूद है जिसके द्वारा आप घर पर रखे मोबाइल फोन के इनकामिंग मैसेज पढ़ सकते हैं। गूगल प्ले पर माइटीटैक्स्ट के नाम से यह एप्लिकेशन आपको मिल जाएगी। आपका मोबाइल कहीं भी हो, मोबाइल पर आने वाले मैसेज और काॅल को आप कंप्यूटर देख सकते हैं। साथ ही  मैसेज का जवाब भी दे सकते हैं। इसके लिए बस माइटीटैक्स्ट एप्लिकेशन को मोबाइल फोन में इंस्टाल कीजिए। 20-30 मिनट में  माइटीटैक्स्ट एप्लिकेशन फ़ोन से सारे मैसेज को सिंक हो जायेंगे  और फिर  https://mightytext.net/app/ लिंक पर कंप्यूटर से लाॅगइन हो जाएं। लाॅगइन होने के लिए यहां भी गूगल आईडी और पासवर्ड डालना होगा। इसके बाद आपके सारे मैसेज काॅनटेेक्ट सहित कंप्यूटर स्क्रीन पर दिखाई देंगे। इसके लिए आप फायर फाॅक्स और गूगल क्रोम ब्राउजर का इस्तेमाल कर सकते हैं। नए आने वाले मैसेज या काॅल स्क्रीन पर पाॅपअप नोटिफिकेशन के रूप देख सकते हैं। एसएमएस के अलावा आप एमएमएस भी भेज सकते हैं। इसके लिए आपको कोई अतिरिक्त शुल्क चुकाने की कोई जरूरत नहीं है। अगर आपने मैसेज पैक ले रखा है तो ये मैसेज आपके लिए फ्री होंगे। कमी की बात करें तो यहां से आप किसी का नंबर डाॅयल कर सकते हैं लेकिन डाॅयल नंबर को काटने या इनकाॅमिंग काॅल को रिसीव करने का कोई विकल्प दिखाई नहीं देता है। इसको गूगल प्ले से फ्री डाउनलोड किया जा सकता है।