Showing posts with label Samsung Galaxy SIII. Show all posts
Showing posts with label Samsung Galaxy SIII. Show all posts

Wednesday, June 6, 2012

सैमसंग गैलेक्सी एस ३ - इंसानों का फ़ोन, दैवीय दाम




हम कई दिनों से फ़ोन देखते आ रहे हैं, लेकिन हमें यह मानना पड़ेगा कि हमने कभी भी किसी एक फ़ोन के इतने दाम बदलते नहीं देखे हैं जितने सैमसंग के गैलेक्सी एस ३ के (इसके बारे में हमारे लेखक, मुकेश जी, ने हाल ही में टिपण्णी की थी) । बस पिछले ही हफ़्ते सैमसंग ने इसका दाम Rs 43,190 बता कर कई लोगों को चौंका दिया था. खैर, हमें उसी वक़्त कई "जानकारों" ने आश्वस्त किया था कि फ़ोन का दाम बाज़ार में इससे काफी कम होगा

वे सत्य बोल रहे थे। 

लेकिन कितना सत्य, इसका अनुमान तो हम सपनों में भी नहीं लगा सकते थे। क्योंकि फ़ोन के लॉन्च होने के मात्र एक हफ़्ते के अन्दर हमें यह अलग अलग दुकानों में अलग अलग दामों पर मिल रहा है। ख़ुशी की बात यह है कि इनमे से कोई भी औपचारिक दामों के आस पास भी नहीं हैं। विस्मय की बात यह है कि इनमे से कोई एक-दुसरे के आस पास भी नहीं हैं। कोई फ़ोन को चालीस हज़ार रुपयों में बेंच रहा था, तो कोई सैंतीस हज़ार में, और हद तो तब हो गई जब  वेबसाइट सुलेखा.कॉम ने इसे पैंतीस हज़ार रुपयों से भी कम दाम पर बेंचने की सूचना दी। कहते हैं कि सैमसंग के खुद ऐतराज़ जताने पर वेबसाइट ने इस दाम को बाद में अड़तीस हज़ार के आस-पास कर दिया, लेकिन इस सब से एक बात जग-ज़ाहिर हो गयी - सैमसंग गैलेक्सी एस ३ के असली दाम को शायद कोई नहीं जानता इसका औपचारिक दाम है Rs 43,190 और यह आपको दुकानों और वेबसाइटों  में उससे तीन से छह हज़ार रुपयों कम में मिल रहा है

हमें तो अचरज है कि ऐसे फ़ोन का औपचारिक दाम रखा ही क्यों गया, जब उसका इस्तेमाल कोई नहीं कर रहा है।
सैमसंग ने कहा था कि सैमसंग गैलेक्सी एस ३ प्रकृति से प्रेरित था और इंसानों के लिए बना था. इसका दाम हमें लेकिन भगवान से प्रेरित लग रहा है - ऊपरवाले की तरह उसके भी कई रूप नज़र आ रहे हैं. हाँ, दुःख इस बात का है कि इसका दाम इंसानों को ही चुकाना पड़ेगा